किशनपुर के अंदौली पंचायत के महादलित टोला के ग्रामीणों ने मंगलवार को वासगीत पर्चा न मिलने पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि महादलितों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने…
किशनपुर, एक संवाददाता। वासगीत पर्चा नहीं मिलने से आक्रोशित अंदौली पंचायत के वार्ड 7 के महादलित टोला के ग्रामीणों ने मंगलवार को अंचल कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी लक्ष्मण सादा, कांति देवी, संगीता देवी, पुनीता देवी, गुंजन देवी, पार्वती देवी, अनीता देवी, सजन देवी, रीना देवी, सावित्री देवी, रवीना देवी, रानी देवी, किरण देवी, आरती देवी, राधा देवी, ललिता देवी, छेदनी देवी आदि ने बताया कि सरकार महादलित के हित के लिए करोड़ों रुपया खर्च कर रही है, लेकिन स्थानीय अधिकारी महादलितों की समस्या को सुनने को तैयार नहीं हैं। हमलोग एक साल से बासगीत पर्चा के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। कहा कि 40 परिवारों को अभी तक वासगीत पर्चा नहीं मिला है।
कहा कि सभी महादलित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिया जाए। महिलाओं ने कहा कि टोला के अंदर विद्यालय नहीं है। इसके लिए कम से कम एक आंगनबाड़ी केंद्र खोला जाए। इसके साथ ही सुलभ शौचालय, टोला के अंदर सड़क पर मिट्टी भराई का कार्य कराया जाए। कहा कि घर बनाने के लिए एक धुर अपना जमीन नहीं है। हमारे पूर्वज 50-60 वर्ष से बैजनाथपुर अंदौली रेलवे हाल्ट के दक्षिण भाग रेलवे के किनारे झोपड़ी बनाकर गुजर बसर कर रहे थे, लेकिन रेलवे के चौड़ीकरण होने के कारण सभी लोगों का घर हटा दिया गया है। अभी वह लोग खुले आसमान के नीचे गुजर बसर कर रहे हैं।
उधर, सीओ सुशीला कुमारी ने बताया कि महादलितों द्वारा वासगीत पर्चा की मांग की गई है। पूर्व में इन लोगों को वासगीत पर्चा दिया गया है, लेकिन परिवार बढ़ने के चलते लोग परिवार के अन्य लोगों के लिए पर्चा का मांग कर रहे हैं। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन उपलब्ध होने पर बासगीत पर्चा दिया जाएगा।