मार्च में झुलसा रही गर्मी, इस राज्य के 8 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार, चल रही लू – India TV Hindi

Spread the love share


छवि स्रोत: फ़ाइल फोटो-पीटीआई
लू के थपेड़ों से खुद को बचाते हुए लोग

देश के कई राज्यों में मार्च के महीने में गर्मी झुलसा रही है। ओडिशा के कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी है। रविवार को आठ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। पश्चिमी ओडिशा का बौध शहर 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।

झारसुगुड़ा में दिन का तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक, झारसुगुड़ा में दिन का तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि संबलपुर में यह 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी ओडिशा के हीराकुड, बोलांगीर और टिटलागढ़ कस्बों में भी रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले पांच दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के बुलेटिन में बताया गया कि सुंदरगढ़ और भवानीपटना में अधिकतम तापमान क्रमशः 40.3 डिग्री व 40.8 डिग्री दर्ज किया गया। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस और कटक में 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान ओडिशा में दिन और रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

दिल्ली में मौसम मेहरबान, चल रहीं ठंडी हवाएं

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.2 डिग्री कम है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को तेज हवाएं चलने तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान 33 और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से 1.8 डिग्री कम है। (भाषा के इनपुट के साथ)

नवीनतम भारत समाचार





Source link


Spread the love share