Manipur News: वाई खेमचंद सिंह बुधवार शाम छह बजे मणिपुर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में होगा, जहां सुबह से ही तैयारियां जारी हैं.
खेमचंद के नेतृत्व में मणिपुर शांति और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार
बीजेपी की मणिपुर इकाई ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, वाई खेमचंद सिंह के अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व में मणिपुर शांति, विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है, जिससे राज्य में स्थिरता और प्रगति का एक नया युग शुरू होगा.
फरवरी 2025 में लगाया गया था मणिपुर में राष्ट्रपति शासन
अशांत मणिपुर में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू था. इससे पहले दिन में वाई खेमचंद सिंह ने लोक भवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर मणिपुर में सरकार बनाने का दावा पेश किया था. जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य में राष्ट्रपति शासन तत्काल प्रभाव से हटाने का फैसला लिया.
वाई खेमचंद सिंह को दिल्ली में बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था
वाई खेमचंद सिंह को मंगलवार को नयी दिल्ली में भाजपा विधायक दल का नेता और उसके बाद राजग विधायक दल का नेता चुना गया. भाजपा विधायक थोंगबम बिस्वजीत ने पहले कहा था कि सिंह समेत पांच विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे.
2023 से हिंसा की आग में जल रहा मणिपुर
मणिपुर के पर्वतीय जिलों में बहुसंख्यक मेइती समुदाय के अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग के विरोध में आदिवासी एकजुटता मार्च निकाले जाने के बाद राज्य में तीन मई, 2023 से जातीय हिंसा जारी है. तब से जारी जातीय हिंसा में कुकी और मेइती समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ सुरक्षाकर्मियों सहित कम से कम 260 लोग मारे गए हैं, जबकि हजारों लोग बेघर हो गए हैं.
पोस्ट मणिपुर में राष्ट्रपति शासन खत्म, खेमचंद कुछ देर बाद लेंगे सीएम पद की शपथ पर पहली बार दिखाई दिया Prabhat Khabar.