बेगूसराय में मंगलवार सुबह बदमाशों ने ज्वैलर्स की दुकान में लूट की कोशिश की। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन भवन वाली गली के देव ज्वैलर्स की है। जहां दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे।
।
गमछा और नकाब से चेहरा छिपाए बदमाशों ने दुकान में साफ-सफाई कर रहे स्टाफ को हथियार दिखाकर डराया और दुकान में रखे दो बक्से उठाकर भागने लगे। हालांकि, दोनों बक्से खाली थे, जिसके कारण बदमाशों को कुछ भी हाथ नहीं लगा।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें साफ़ देखा जा सकता है कि बदमाशों के बाहर निकलते ही स्टाफ ने शोर मचाना शुरू किया तो पास की चाय दुकान पर बैठे कुछ लोगों ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की।
इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद लोगों ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर एसपी मनीष और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से दो खोखा बरामद हुआ है।
बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस।
बदमाशों ने फायरिंग कर मौके से फरार
दुकानदार अनिल पोद्दार ने बताया कि वह उस समय दुकान पर नहीं थे, स्टाफ ही दुकान संभाल रहा था। बदमाशों ने स्टाफ से दुकानदार के बारे में पूछा और फिर जब पता चला कि तिजोरी बंद है, तो वे दो बक्से उठाकर भागने लगे। बदमाशों के भागते ही स्टाफ और स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और बाइक से फरार हो गए।
बदमाशों की पहचान करने की कोशिश जारी
एसपी मनीष ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।