एसपी ने गैंग बनाने वालों को दी चेतावनी।
जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। उन्होंने पत्रकारवार्ता में बताया कि कानून व्यवस्था को पूर्णतः नियंत्रित करने के लिए 888 बीट सिपाहियों को सक्रिय कर दिया गया है।
.
ये बीट सिपाही पिछले पांच वर्षों में हत्या, लूट, नकबजनी जैसी वारदातों में शामिल रहे 8,300 आरोपियों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। एसपी ने विशेष रूप से युवा गैंग्स पर ध्यान केंद्रित किया है, जो बाइक पर घूमकर और वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं।
पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोशों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि वे अपनी गतिविधियां नहीं रोकते हैं, तो उन्हें जेल की सलाखों के पीछे समय बिताना पड़ेगा। उन्होंने विशेष रूप से अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल लोगों को भी आगाह किया है कि वे अपनी गैरकानूनी गतिविधियां तत्काल बंद कर दें।