पाकुड़ में हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर: बच्चों के एडमिशन के लिए जा रहे शिक्षक दंपती घायल, पत्नी का पैर कटा; पति गंभीर – Pakur News

Spread the love share



स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को हिरणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में शिक्षक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में चल रहा है।

डोमनगढ़िया मध्य विद्यालय पाकुड़िया में कार्यरत शिक्षक रघुनाथ हांसदा अपनी पत्नी चारु शीला किस्कू के साथ बच्चों के एडमिशन के लिए दुमका जा रहे थे। हिरणपुर रेंजर ऑफिस के सामने एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक फरार हो गया।

दोनों को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया

दुर्घटना में चारुशीला किस्कू का दाहिना पैर का निचला हिस्सा कट गया। रघुनाथ हांसदा के दाहिने हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को हिरणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज से हुई हाइवा की पहचान

रघुनाथ हांसदा मूल रूप से पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के परयारदाहा गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वे डीएवी स्कूल पाकुड़ के पास रहते हैं। हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से हाइवा की पहचान कर ली है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हिरणपुर की सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार में ट्रक दौड़ते हैं। इस वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



Source link


Spread the love share