Bihar Weather Update : बर्फीली पछुआ हवा ने बढ़ा दी ठंड, 11 जनवरी तक कोहरे का अलर्ट, धूप नदारद

Spread the love share



पटना. घने कुहासे और पछुआ हवाओं के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कड़ाके की ठंड और कुहासे की वजह से लोगों की दिनचर्या धीमी पड़ गई है. मंगलवार को भी बिहार के अधिकतर इलाकों में सूर्य के दर्शन नहीं हुए. तेज बर्फीली पछुआ हवाओं का बहाव जारी है. इस वजह से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है. अभी इससे राहत मिलने की कोई उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है.

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार 11 जनवरी तक पूरे बिहार में घना कुहासा छाया रहेगा. तापमान में गिरावट जारी रहेगी और राजधानी पटना सहित अन्य जिलों में 11 जनवरी तक धूप निकलने की संभावना बेहद कम है. ठंडी पछुआ हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में काफी दिक्कत हो रही है.

कोहरे और पछुआ हवाओं की वजह से जारी है अलर्ट
वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देर रात से सुबह के समय तक कोहरा और दिनभर पछुआ हवा का असर जारी रहेगा. दिन ढलते ही कोहरा उपर की ओर उठ कर एक लेयर का निर्माण करेगी. इस वजह से धूप धरती पर नहीं आ पायेगी. ऐसे में बर्फीली पछुआ हवा तापमान को कम कर देगी और लोगों को ठिठुरन महसूस होगी. राजधानी पटना में तो 09 जनवरी तक धूप नहीं निकलने की संभावना व्यक्त की गई है. इसके बाद आंशिक धूप निकलेगी. 11 जनवरी तक बिहार के सभी 38 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह के समय कोहरे के स्तर को देखते हुए येलो से ऑरेंज अलर्ट भी हो सकता है.

हर तरफ कोहरा ही कोहरा
आज यानी 08 जनवरी को बिहार के सभी 38 जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया हुआ है. कहीं कहीं इसके स्तर में इजाफा भी देखा जा रहा है. इस वजह से पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी है. आज न्यूनतम तापमान 06-12°C के बीच और अधिकतम तापमान 18-22°C के बीच रहने की संभावना है. राज्य के अधिकांश जिलों में कम तापमान के साथ मध्यम से तेज़ गति की पछुआ हवा चलने के कारण पवन ठिठुरन रहने का पूर्वानुमान है. वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है क्योंकि कुहासे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है.

प्रमुख शहरों का तापमान और AQI

जिला अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान AQI
पटना 16.2 13.9 223
मुजफ्फरपुर 15.6 14.7 145
गया 18.9 14 157
पूर्णिया 23.8 12 174
भागलपुर 18.7 11.8 236
पश्चिम चंपारण 18 12 139
बक्सर 16.2 13.4 111

क्या कहते हैं यह आंकड़े
07 जनवरी को दिन में धूप निकलने की वजह से सुपौल, किशनगंज और डेहरी को छोड़ सभी 35 जिलों के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. कुछ जिलों का अधिकतम तापमान तो 10°C तक लुढ़क गया. मंगलवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25°C किशनगंज में दर्ज किया गया. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4°C छपरा में रिकॉर्ड किया गया. बुधवार को इसमें भारी गिरावट होने की संभावना है. घना कोहरा और पछुआ हवाओं का असर रात – दिन देखा गया.

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और खुद को गर्म रखने की सलाह दी गई है.

टैग: बिहार समाचार, बिहार का मौसम, स्थानीय18, पटना समाचार



Source link


Spread the love share