शिवहर: जिले में बाढ़ से बचाव और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से अब बागमती तटबंध पर पक्की सड़क का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है. इस बहुप्रतीक्षित योजना को लेकर जल संसाधन विभाग ने प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है. बताया जा रहा है कि 38 किलोमीटर लंबे बागमती तटबंध पर साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, जिससे न केवल आवागमन में सुविधा होगी बल्कि तटबंध को भी मजबूती मिलेगी.
बाढ़ से बचाव में मिलेगी राहत
यह सड़क निर्माण कार्य सिर्फ एक यातायात सुविधा ही नहीं, बल्कि एक सुरक्षा कवच भी है. तटबंध पर पक्की सड़क बनने से तटबंध की मजबूती बढ़ेगी, जिससे हर वर्ष बाढ़ के दौरान होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी. हाल ही में जिले के तरियानी छपरा क्षेत्र में बाढ़ के पानी के दबाव से तटबंध टूट गया था, जिससे भारी तबाही हुई थी. इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए तटबंध को सुदृढ़ बनाना बेहद जरूरी हो गया था.
तटबंध पर सड़क बनने से खासकर पिपराही प्रखंड के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा. पूर्वी चंपारण की सीमा से सटे देवापुर और बेलवा घाट के बीच इस सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा. तटबंध के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को खेत-खलिहानों से होकर आवाजाही करनी पड़ती थी, जिससे उन्हें काफी कठिनाई होती थी. सड़क निर्माण से अब इन गांवों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा, जिससे आपात स्थिति में भी मदद पहुंचाना सरल होगा.
139 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण
बेलवा क्षेत्र में करीब 139 करोड़ की लागत से हेड रेगुलेटर, स्लुइस गेट और तटबंध का निर्माण कार्य पहले से चल रहा है. इस क्षेत्र में तटबंध से जोड़ने वाली सड़क नहीं होने के कारण लोगों को खेतों के रास्ते होकर यात्रा करनी पड़ती है. खासकर बरसात के दिनों में यह रास्ता बेहद दुर्गम हो जाता है. तटबंध पर सड़क बन जाने के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी.
राज्य उच्च पथ 54 से जुड़ेगा नया मार्ग
तटबंध पर बनने वाली यह सड़क आगे चलकर राज्य उच्च पथ 54 से भी जोड़ी जाएगी, जिससे शिवहर-मोतिहारी होते हुए ढाका तक सीधा संपर्क मार्ग बन जाएगा. इससे न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. इस योजना से जिले के ग्रामीणों में काफी उत्साह है. वर्षों से तटबंध के पास रहने वाले लोग बाढ़ के समय असहाय हो जाते थे, लेकिन अब पक्की सड़क और तटबंध की मजबूती से उन्हें सुरक्षा और सुविधा दोनों एक साथ मिलेंगे.
गंभीरता से लागू होगी योजना
इस संबंध में जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता विनय कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण से न सिर्फ ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि बाढ़ से सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी. विभाग पूरी गंभीरता से इस योजना को लागू कर रहा है, ताकि तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा किया जा सके.