गया में कोंच प्रखंड की परसावां पंचायत के रूपसपुर (सत्यबाहिनी) वार्ड संख्या 5 में मतदान बूथ न होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार सुबह प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांव में बूथ बहाल करने की मांग की।
।
ग्रामीण शालिग्राम यादव, भूषण यादव, अवधेश यादव, धर्मेंद्र कुमार (वार्ड सदस्य) सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में लगभग 150 घर और 600 से अधिक मतदाता हैं।
पूर्व में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव गांव के सामुदायिक भवन में होते थे। अब उसी भवन को जर्जर बताकर बूथ को दो किलोमीटर दूर जगदीशपुर स्थानांतरित कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिला पार्षद शरीफा कुमारी के सहयोग से सामुदायिक भवन की मरम्मत हो चुकी है। इसके बावजूद मतदान केंद्र को दूसरे गांव में रखा गया है, जिससे विवाद की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बूथ रूपसपुर (सत्यबाहिनी) में बहाल नहीं किया गया, तो वे आगामी विधानसभा चुनाव 2025 का बहिष्कार करेंगे। इस संबंध में बीडीओ बिपुल भारद्वाज ने बताया कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए अब बूथ में बदलाव संभव नहीं है।