घाटे में चल रही कंपनी से 14 करोड़ का चंदा कैसे मिला? संजय जायसवाल ने अब प्रशांत किशोर को घेरा

Spread the love share


पटना. बिहार की राजनीति में इन दिनों बीजेपी सांसद संजय जायसवाल और प्रशांत किशोर आमने-सामने आ गए हैं. सोशल मीडिया पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कई सवाल खड़े किए और व्यंग्य के लहजे में किशोर पर गंभीर आरोप लगाए. इससे पहले जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जायसवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था. इसके बाद से ही जायसवाल पीके पर हमलावर हैं.

अगर करोड़पति बनाने का नुस्खा है तो बिहार के युवाओं को दो-जायसवाल
संजय जायसवाल ने 18 सितंबर को फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा, “प्रशांत किशोर, तुम्हारे पास अगर बिहार के युवाओं को करोड़पति बनाने का नीम-हकीम नुस्खा है, तो फिर यह नुस्खा बिहार के युवाओं को क्यों नहीं देते? बिहार के युवाओं के लिए असली बदलाव यात्रा यही होगी.” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सुना है किशोर ने छात्र जीवन में मुख्य परीक्षा से नहीं, बल्कि सप्लीमेंट्री से पास किया था. उन्होंने कहा , “मेरे मुख्य परीक्षा के सवालों का जवाब तो तुमने आज तक नहीं दिया, इसलिए अब कुछ सप्लीमेंट्री सवाल ही पूछ रहा हूं.”

कंपनियों से चंदा और “इलू इलू” पर तंज

जायसवाल ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर की ‘जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन’ को घाटे में चल रही कंपनियों से करोड़ों रुपये का चंदा मिलता है. उन्होंने सवाल पूछा, “रामसेतु इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी जो 19 करोड़ के घाटे में है, वो तुम्हें 14 करोड़ रुपए दान कैसे कर देती है? स्क्वायर स्पेस कंपनी जिसकी कुल हैसियत 10 करोड़ है, घाटा भी 10 करोड़ का होता है और तुम्हें दान भी 10 करोड़ ही कर देती है. आखिर ये कैसे संभव है?

उन्होंने फिल्म ‘सौदागर’ का जिक्र करते हुए कहा, “हमारे जमाने में एक गाना था, ‘ये इलू इलू क्या है ये इलू इलू’. तुम्हें बताना चाहिए कि घाटे में चल रही कंपनियों का तुम्हारे साथ ये ‘इलू इलू’ क्या है?” जायसवाल ने व्यंग्य करते हुए कहा, “बिहार अब तक लालू यादव जी की जमीन दान लेने की क्षमता के बारे में जानता था, लेकिन मुझे लगता है कि तुम घोटालों के मामले में लालू जी से भी बड़ी दान लेने वाली हस्ती हो.”

16 सितंबर की पोस्ट में भी हमला

इससे पहले 16 सितंबर को भी संजय जायसवाल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए प्रशांत किशोर पर निशाना साधा था. उन्होंने लिखा, “प्रशांत किशोर, नेता मैं जैसा भी हूं, लेकिन तुम मानोगे कि मैं सफल चिकित्सक हूं. तुम ‘माइकोरिया’ नाम की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे. इस बीमारी में माइक सामने आते ही आदमी के मुंह से बातों का डायरिया होने लगता है. मैंने पांच गोलियां दीं और तुम्हारी माइकोरिया बीमारी ठीक हो गई.”

जायसवाल ने आगे कहा, “वैसे तुम्हें इसका अतिरिक्त लाभ यह हुआ कि हर तीन दिनों पर नेताओं के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बीमारी भी ठीक हो गई.” उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि लेकिन मेरे पांच सवालों का जवाब कब दोगे? मैं तुम्हारी तरह डरपोक नहीं हूं कि इल्जाम लगाऊं और भाग जाऊं. मैंने तुम पर इल्जाम लगाया है तो तुम्हें तुम्हारे अंजाम तक भी पहुंचाऊंगा.”

प्रशांत किशोर ने संजय जायसवाल पर लगाएं ये आरोप

कुछ दिनों पहले पीके ने फ्यूल पंप से फर्जी बिलिंग के आरोप लगाए थे. किशोर का दावा है कि बेतिया नगर निगम की सरकारी गाड़ियों में डीज़ल भरवाने के लिए संजय जायसवाल के पेट्रोल पंप से गलत तरीके से बिल बनाए जाते हैं. डीजल की खरीद की लागत को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जाता है. पीके आगे कहा कि एक फ्लाईओवर की अलाइनमेंट (निर्धारित रास्ता) बदल दी गई, ताकि जायसवाल के पेट्रोल पंप को फायदा हो सके.

बता दें कि प्रशांत किशोर ने इसके पहले स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पर भी गंभीर आरोप लगाये थे. इसके जवाब में अशोक चौधरी ने तो कानूनी नोटिस भी भेज रखा है.



Source link


Spread the love share