श्योपुर जिले के सेसईपुरा थाना क्षेत्र में कूनो नदी पुल के नीचे 6 मार्च को मिले एक युवक के शव के मामले में बीती रात हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद यह कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मोरावन निवासी बचन पुत्र मनी आदिवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका भाई सूरज पुत्र मनी आदिवासी (19) 6 मार्च की सुबह के बीच कूनो नदी के पुल पर गया था। इसी दौरान गांव के ही अनिल पुत्र बृजलाल आदिवासी (22) के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अनिल ने सूरज को पुल से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह पत्थरों पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शराब के नशे में हुई कहासुनी बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों युवक पुल पर बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर सूरज को पुल से नीचे धकेल दिया। पुल से नीचे पत्थरों पर गिरने से युवक को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और परिजनों ने उसी रात शव रखकर सड़क जाम भी किया था। देर रात 11 बजकर 7 मिनट पर आरोपी अनिल के खिलाफ अपराध क्रमांक 06/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक जैनेसपाल सिंह जादौन कर रहे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दोनों युवक शराब पी रहे थे और इसी दौरान उनमें विवाद हुआ। विवाद के बाद आरोपी ने युवक को पुल से धक्का दे दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।
Source link