औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र के चनहट गांव में पुलिस टीम पर हमले हुआ है। शौच के लिए गई महिलाओं से छेड़खानी और मोबाइल छीनने की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने पथराव कर दिया।
।
हमले में हसपुरा थाने के दो पुलिसकर्मी चांदी लाल सिंह और अजय सिंह घायल हो गए। इसके अलावा चनहट गांव के निवासी रामस्वरूप भगत, चनदीप पाल और सुरेश भगत भी जख्मी हुए। सभी घायलों को पहले हसपुरा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रामस्वरूप, चनदीप और सुरेश भगत की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। गांव निवासी पप्पू कुमार ने बताया कि कुछ महिलाएं बधार की तरफ शौच के लिए गईं थीं। वहां गांव के ही कुछ युवकों ने उनसे छेड़खानी की और मोबाइल छीन लिया।
महिलाओं ने घर आकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस की गश्ती टीम जब आरोपियों के घर पहुंची, तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है।
गांव पुलिस छावनी में तब्दील
थानाध्यक्ष नरोत्तम कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। वरीय अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है। कौन-कौन लोग घायल हुए हैं। फिलहाल इसकी पूरी जानकारी मुझे नहीं है। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
उन्होंने बताया कि मामला चाहे जो भी हो दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। घटना के बाद चनहट गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। फिलहाल हसपुरा के अलावा आसपास के विभिन्न थाना की पुलिस उक्त गांव में कैंप कर रही है।