Imtdot

ललितपुर में त्योहारों पर शांति व्यवस्था की समीक्षा: DM ने नई परंपराएं शुरू न करने के निर्देश दिए, सोशल मीडिया पर निगरानी – Lalitpur News

ललितपुर में त्योहारों पर शांति व्यवस्था की समीक्षा:  DM ने नई परंपराएं शुरू न करने के निर्देश दिए, सोशल मीडिया पर निगरानी – Lalitpur News
Spread the love share


कुंदन पाल | ललितपुर4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ललितपुर में आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो के साथ बैठक की। बैठक में महाशिवरात्रि (15 फरवरी), होलिका दहन (2 मार्च) और ईद उल फितर (21 मार्च) जैसे प्रमुख त्योहारों पर कानून व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि ललितपुर एक शांतिप्रिय जनपद है, जहां के लोग हमेशा आपसी सौहार्द से त्योहार मनाते आए हैं। उन्होंने आगामी त्योहारों को भी इसी सामंजस्य के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी, बल्कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार ही आयोजन किए जाएंगे।

उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे स्वयं आयोजन स्थलों की निरंतर निगरानी करें और आयोजन समितियों के संपर्क में रहें। उन्हें समितियों के मोबाइल नंबरों की सूची अपने पास रखने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने ईओ, डीपीआरओ, विद्युत, जल निगम और जल संस्थान सहित अन्य अधिकारियों को टीम बनाकर आयोजन स्थलों का भ्रमण करने और व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान जनपद में साफ-सफाई, निर्बाध पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

ललितपुर में त्योहारों पर शांति व्यवस्था की समीक्षा: DM ने नई परंपराएं शुरू न करने के निर्देश दिए, सोशल मीडिया पर निगरानी - Lalitpur News

महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिरों के आसपास और मंदिरों तक जाने वाले रास्तों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, चूना डलवाने और सुरक्षा के लिए पुलिस व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं की समस्या पर रोक लगाने के लिए पशुपालकों को नोटिस जारी करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों और सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजक समितियों से आयोजन स्थलों पर स्वयंसेवक तैनात करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों से बचने की अपील की। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने अधिकारियों को आयोजन स्थलों का भ्रमण करने और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आप सभी ने जो सुझाव समिति के समक्ष प्रस्तुत किये हैं,उन सभी पर अभी से कार्य शुरु कर दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्यौहार से पूर्व उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने का प्रयास करें, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की संभावना न रहे।

सभी आयोजक समितियां आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवायें, साथ ही वॉलेंटियर्स के माध्यम से वीडियोग्राफी भी करवायें। यदि कोई संदिग्ध दिखाई दे तो तत्काल जिला प्रशासन को उसकी सूचना दें। सभी क्षेत्राधिकारी सुनिश्चित करें कि जनपद में महिला संबंधी अपराध न होने पाये।

जनपदवासी सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, छीटाकसी जैसी पोस्ट शेयर न करें, सोशल मीडिया सेल के द्वारा सभी सोशल साइटों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। बैठक में आयोजन समितियों के पदाधिकारियों ने आयोजन स्थलों की सफाई, मार्गों के दुरुस्तीकरण, जर्जर तारों की मरम्मत, पेयजल की आपूर्ति, अग्निशमन वाहनों, एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता हेतु अनुरोध किया, जिस पर जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का आश्वासन दिया गया।

कुछ गणमान्य नागरिकों ने नगर में कई सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन बाधित होना बताया, जिस पर तत्काल जल निगम व लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को बुलाकर उक्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिये गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वि/रा अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी मड़ावरा शैलेन्द्र चौधरी, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं जल निगम, जल संस्थान, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग आदि विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



Source link


Spread the love share
Exit mobile version