बक्सर के पनियारी पुल के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी चला रहा ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
।
हादसे में पनियारी गांव के रहने वाले कामता यादव पिता जज यादव और कमल किशोर यादव पिता भरत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क हादसे में घायल युवकों को विधायक अजित सिंह ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
विधायक ने पहुंचाया अस्पताल, पटना रेफर
हादसे के समय डुमरांव विधायक अजीत सिंह कुशवाहा एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने उसी मार्ग से गुजर रहे थे। उनकी टीम ने सड़क किनारे पड़े युवकों को देखा तो विधायक ने तुरंत गाड़ी रुकवाई। दोनों को विधायक अपनी गाड़ी से सोनवर्षा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया।
युवकों की सिर में गंभीर चोट है। कामता यादव की एक टांग की हड्डी टूट गई है। प्रारंभिक इलाज के बाद दोनों को पटना रेफर कर दिया गया है। – अजीत सिंह कुशवाहा, डुमरांव विधायक
विधायक ने जताई चिंता, लोगों से की अपील
अजीत सिंह कुशवाहा ने सड़क पर बढ़ती वाहन चालन की लापरवाही पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “इन दिनों शादी-विवाह के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा हो गई है। लोग तेज गति से वाहन चला रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई है।”
उन्होंने आम लोगों से अपील किया कि सड़क पर वाहन चलाते समय सतर्क रहें, ताकि किसी की जान न जाए।