Imtdot

करनाल पहुंची दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता: पंजाब में कोऑर्डिनेशन की कमी पर किया कटाक्ष, कहा-वहां कुछ ग्रहण जैसी शक्तियां बैठी हैं – Karnal News

करनाल पहुंची दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता:  पंजाब में कोऑर्डिनेशन की कमी पर किया कटाक्ष, कहा-वहां कुछ ग्रहण जैसी शक्तियां बैठी हैं – Karnal News
Spread the love share


करनाल में मीडिया से बातचीत करतीं दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता।

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता रविवार को पंजाब में उपचुनाव प्रचार के लिए जाते समय करनाल में कुछ देर के लिए रुकीं। एक निजी होटल में ब्रेकफास्ट के दौरान उन्होंने पंजाब सरकार पर समन्वय की कमी को लेकर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि पंजाब में कुछ ऐसी शक्तियां बैठी हैं, जो न तो राज्य को विकसित होने दे रही हैं और न ही पड़ोसी राज्यों से तालमेल बना पा रही हैं।

इसी मौके पर उन्होंने करनाल की सफाई व्यवस्था की सराहना करते हुए यहां के नेताओं के टीमवर्क को विकास का असली आधार बताया। साथ ही दिल्ली-हरियाणा के संबंधों को मजबूत और विकासशील करार दिया।

पानी और पराली विवाद पर पंजाब सरकार को घेरा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से जब पंजाब द्वारा कभी पानी रोकने, कभी ज्यादा पानी छोड़ने और पराली के मसले पर अन्य राज्यों से तालमेल की कमी पर सवाल किया गया तो उन्होंने तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “पंजाब में कुछ ग्रहण जैसी शक्तियां बैठी हुई हैं।

इसी कारण न तो पंजाब खुद विकास कर पा रहा है और न ही अन्य राज्यों से तालमेल बना पा रहा है। मुझे लगता है कि उन्हें इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि तीनों राज्यों को मिलकर तालमेल और विकास के रास्ते पर चलना चाहिए, लेकिन जब तक राजनीतिक स्वार्थी शक्तियां प्रभावी रहेंगी, तब तक ऐसा संभव नहीं हो पाएगा।

करनाल पहुंचने पर बुके देकर सीएम रेखा गुप्ता का स्वागत करती मेयर रेणु बाला गुप्ता।

दिल्ली-हरियाणा के रिश्तों को बताया विकास का आधार

सीएम ने कहा कि दिल्ली और हरियाणा के बीच गहरे संबंध हैं। दोनों राज्यों के बीच ऐसा समन्वय है। जिससे दोनों को विकास का फायदा होता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का सहयोग दिल्ली को हमेशा मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।

दिल्ली के विकास में हरियाणा की भूमिका हमेशा अहम रही है। रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि दोनों राज्यों की साझा ताकत ही क्षेत्रीय प्रगति का आधार बन रही है।

करनाल की स्वच्छता व्यवस्था को सराहा

मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने करनाल की सफाई व्यवस्था की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि करनाल शहर सफाई के मामले में काफी आगे है और यहां के नगर निगम और प्रशासन की मेहनत साफ नजर आती है। उन्होंने कहा कि शहर को बहुत ही अच्छे तरीके से मेंटेन किया गया है, जो अन्य शहरों के लिए मिसाल है।

करनाल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलती सीएम रेखा गुप्ता।

करनाल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलती सीएम रेखा गुप्ता।

हरियाणा के नेताओं की टीमवर्क की भावना को सराहा

सीएम रेखा गुप्ता ने करनाल के राजनीतिक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि करनाल से वर्तमान में विधायक जगमोहन आनंद हैं, जबकि इससे पहले मनोहरलाल खट्टर यहां से विधायक रह चुके हैं और हरियाणा के मुख्यमंत्री भी रहे।

उन्होंने कहा कि सभी नेता एक टीम वर्क की भावना से काम कर रहे हैं और यही कारण है कि करनाल और हरियाणा निरंतर प्रगति कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने किया जोरदार स्वागत

होटल में ब्रेकफास्ट के दौरान भाजपा नेताओं ने सीएम रेखा गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और उनकी मौजूदगी को गर्व की बात बताया। इसके बाद सीएम गुप्ता पंजाब के लिए रवाना हो गईं।



Source link


Spread the love share
Exit mobile version