महेंद्रगढ़ के मकान में लगी आग पर काबू पाता फायर कर्मचारी।
महेंद्रगढ़ में अज्ञात कारणों के चलते एक मकान में आग लग गई। इस घटना में घर का सभी सामान जल गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड ने लगभग सवा घंटे में आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
.
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शंकर कॉलोनी स्थित मकान में दोपहर बाद लगी आग इतनी भीषण थी कि मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारी प्रदीप ने बताया कि उन्हें दोपहर 2 बजे के बाद बालाजी चौक के पास स्थित शंकर कॉलोनी के एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। टीम इंचार्ज संजय कुमार के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची।
महेंद्रगढ़ में आग लगने के बाद जला मकान
सवा घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
आग की गंभीरता को देखते हुए दूसरी फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बुलाई गई। टीम ने सबसे पहले मकान के अंदर रखे पांच एलजी के गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक संभावित बड़े विस्फोट का खतरा टल गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में मकान में रखा बेड, घरेलू सामान, कपड़े, दरवाजे, खिड़कियां और फ्रिज सहित अन्य सभी सामान जलकर राख हो गए।
आग की चपेट में आने से जला फ्रीज।
महिला को सुरक्षित बाहर निकाला
समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। मकान में मौजूद एक महिला को आग लगने से पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। मकान पूरी तरह से जल गया है।फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने शहर के लोगों से अपील की है कि आगजनी की घटनाओं पर जल्द काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रास्ता दिया जाए।