लाइव अपडेट
महिला टीम में क्या उम्मीद कर सकते हैं?
क्या शेफाली वर्मा को वनडे विश्व कप टीम में शामिल किया जाएगा? चयनकर्ताओं के सामने यह बड़ा सवाल है. शेफाली ने इंग्लैंड सीरीज में कुछ अच्छे स्कोर किए, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वह असफल रहीं. स्थिर बल्लेबाजी क्रम में उन्हें जगह देना चुनौतीपूर्ण निर्णय होगा.
रेणुका ठाकुर की वापसी को लेकर क्या स्थिति है? रेणुका चोट के कारण मार्च से बाहर हैं और इंग्लैंड दौरे पर भी नहीं खेल पाईं. उनकी फिटनेस और काम के बोझ का आकलन किया जाएगा. अगर वह फिट मिलती हैं तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज उनकी वापसी का सही मंच हो सकता है.
बल्लेबाजी क्रम में कौन-कौन भरोसेमंद विकल्प हैं? स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल शीर्ष क्रम में सफल जोड़ी हैं. मध्यक्रम में जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल और कप्तान हरमनप्रीत कौर स्थिरता और मजबूती देते हैं.
गेंदबाजी विभाग में भारत की रणनीति क्या होगी? उपमहाद्वीप में खेले जाने वाले टूर्नामेंट को देखते हुए स्पिनरों पर फोकस रहेगा. दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव और एन श्री चरणी अहम विकल्प हैं. वहीं तेज गेंदबाजी में क्रांति गौड़ और रेणुका ठाकुर पर चर्चा होगी.
विकेटकीपिंग और ऑलराउंडर की भूमिका में कौन होंगे? ऋचा घोष पहली पसंद की विकेटकीपर हैं, जबकि यस्तिका भाटिया बैकअप हो सकती हैं. ऑलराउंडर अमनजोत कौर की फिटनेस और उपलब्धता भी टीम के संयोजन को संतुलित बनाने में अहम साबित होगी.
पुरुष टीम में क्या उम्मीद कर सकते हैं?
भारत की कप्तानी कौन करेगा? सूर्यकुमार यादव के कप्तान बने रहने की संभावना है. उन्होंने हाल ही में बीसीसीआई के “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” में फिटनेस टेस्ट पास किया है.
शुभमन गिल टीम में शामिल होंगे? गिल ने टेस्ट और आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है, लेकिन टी20 टीम में फिलहाल उनकी जगह बनना मुश्किल माना जा रहा है. चयनकर्ता उन्हें लंबी योजना में देख रहे हैं, लेकिन अभी सैमसन, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा को प्राथमिकता दी जा रही है.
गेंदबाजी विभाग में कौन-कौन होंगे? जसप्रीत बुमराह फिट होकर वापसी करेंगे. मोहम्मद सिराज को इंग्लैंड दौरे के बाद आराम दिया जा सकता है. तेज गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और प्रसिद्ध कृष्णा विकल्प हो सकते हैं. स्पिनर्स में कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर पर नजर रहेगी.
भारत किन टीमों के साथ ग्रुप में है? भारत का ग्रुप पाकिस्तान, यूएई और ओमान के साथ है. टीम इंडिया का पहला मैच 10 सितंबर को यूएई से और 14 सितंबर को पाकिस्तान से होगा.
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम की घोषणा की प्रेस कॉन्फ्रेंस टीवी और ऑनलाइन लाइव कहां देख पाएंगे?
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम की घोषणा की प्रेस कॉन्फ्रेंस टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स 1 नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि डिजिटल लाइव टेलीकास्ट ऑनलाइन जियो हॉटस्टार पर होगा.
एशिया कप 2025 कब और कहाँ खेला जाएगा?
टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक यूएई में होगा और यह पूरी तरह टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा.
महिलाओं की टीम का चयन कब होगा?
महिलाओं की चयन बैठक भी मंगलवार को ही होगी. यह बैठक दोपहर 3:30 बजे होगी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ और आईसीसी महिला विश्व कप के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा.
चयन बैठक में कौन-कौन मौजूद रहेगा?
सीनियर पुरुष चयन समिति की बैठक होगी और प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के टी20 कप्तान और चयनकर्ताओं के चेयरमैन मौजूद रहेंगे.
भारत की एशिया कप 2025 टीम कब और कहां घोषित होगी?
बीसीसीआई (BCCI) अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान मंगलवार, दोपहर 1:30 बजे मुंबई स्थित मुख्यालय की चौथी मंजिल पर करेगा.