Imtdot

महाराष्ट्र और झारखंड में आज चुनाव का ऐलान, 50 सीटों पर उपचुनाव भी

महाराष्ट्र और झारखंड में आज चुनाव का ऐलान, 50 सीटों पर उपचुनाव भी
Spread the love share


महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज ऐलान होगा। निर्वाचन आयोग की ओर से यह जानकारी दी गई। इसमें बताया गया कि ECI मंगलवार दोपहर 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इस दौरान 50 सीटों पर उपचुनाव की तारीखें भी घोषित होंगी। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म होगा। महाराष्ट्र में पिछले 2 विधानसभा चुनावों में एक ही चरण में मतदान हुआ है। ऐसा हो सकता है कि इस बार भी सिंगल फेज में वोटिंग कराई जाए। वहीं, झारखंड में 5 चरणों में मतदान का ट्रेंड रहा है। माना जा रहा है कि 2024 में इसे बरकरार रखा जाएगा।

ये भी पढ़े:MVA में सीट बंटवारे पर पेच! 110 मांग रही कांग्रेस, मुस्लिम बहुल को लेकर खींचतान

अगर महाराष्ट्र की बात करें तो साल 2014 में यहां की सभी 288 सीटों पर 15 अक्टूबर को वोट डाले गए थे। साल 2019 में 30 नवंबर को एक फेज में वोटिंग हुई थी। वहीं, झारखंड में 2014 में 25 नवंबर, 2 दिसंबर, 9 दिसंबर, 14 दिसंबर और 20 दिसंबर को मतदान हुआ था। साल 2019 में 30 नवंबर, 7 दिसंबर, 12 दिसंबर, 16 दिसंबर और 20 दिसंबर को वोट पड़े थे। मालूम हो कि महाराष्ट्र में इस समय महायुति गठबंधन की सरकार है जिसमें शिवसेना, भाजपा और NCP अजित पवार गुट शामिल हैं। झारखंड पर नजर डालें तो वहां महागठबंधन यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाली सरकार है। इसमें कांग्रेस, राजद और वाम दल भी शामिल हैं।

गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान

चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही दोनों राज्यों में राजनीतिक हलचल बढ़ी हुई है। अलग-अलग गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाला गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 81 सीट पर चुनाव लड़ेगा। सोरेन ने झामुमो की केंद्रीय समिति की बैठक के बाद पार्टी की चुनावी तैयारियों पर भरोसा जताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि गठबंधन राज्य में फिर से सत्ता हासिल करेगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति को आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) को कुछ सीटें देनी चाहिए। यह पूछे जाने पर कि यदि उनका अनुरोध स्वीकार नहीं किया गया तो क्या वह राजग में बने रहने पर निर्णय लेंगे, आठवले ने कहा कि वह सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ बने रहेंगे।

भाजपा ने महाराष्ट्र को लेकर कल ही की थी कोर ग्रुप की बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को पार्टी के कोर समूह की बैठक की थी। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े समेत कुछ अन्य नेताओं ने इस बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने राज्य में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने प्रचार की रणनीति पर चर्चा की। सूत्रों ने कहा कि बीजेपी कांग्रेस के महा विकास आघाडी (MVA) को टक्कर देने के लिए अन्य समुदायों के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को लामबंद करना चाहती है। एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और शरद पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)



Source link


Spread the love share
Exit mobile version