जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड स्थित मोहनपुर इलाके में एक CRPF जवान ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर अपने बुजुर्ग माता-पिता और भाई को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। यह घटना रविवार देर शाम पेंशन के पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।
.
घायलों में जवान के पिता गणेश दास, मां सकुंतला देवी और भाई रंजीत रविदास शामिल हैं। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पिता RPF से हैं रिटायर्ड
घायल गणेश दास, जो स्वयं आरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि उनका मंझला बेटा नरेश दास सीआरपीएफ जवान है और श्रीनगर में तैनात है। रविवार को नरेश ने उनसे अपनी पेंशन की राशि में हिस्सेदारी मांगी। गणेश दास ने नरेश को यह कहते हुए मना कर दिया कि वह खुद नौकरी में है और उसे सरकार से वेतन मिलता है, इसलिए उसे उनके पेंशन के पैसे पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
गणेश दास के अनुसार, इस बात पर नरेश दास अपनी पत्नी और पोते के साथ मिलकर उन पर, उनकी पत्नी और एक बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई
फिलहाल, इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई है। घायलों ने बताया कि इलाज पूरा होने के बाद वे मोहनपुर थाने में एक लिखित आवेदन देकर पुलिस को घटना की सूचना देंगे। तीनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।