सीवान-गोरखपुर रेलखंड पर मैरवा स्टेशन के पास पिलर नंबर 408 के निकट एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब दोनों अरुणाचल एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के शव कई टुकड़ों में बिखर गए, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश शुरू की।
शव के टुकड़े रेलवे ट्रैक पर बिखरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद शव के टुकड़े रेलवे ट्रैक पर बिखर जाने से कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित हो गया। कई ट्रेनों को मैरवा स्टेशन के पास रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई कर ट्रैक को साफ कराया और यातायात दोबारा शुरू किया।
ये भी पढ़ें- Bihar News: मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, रेलवे ट्रैक पर मिली दो सगी बहनों की लाश; दोनों बैंक में करती थीं नौकरी
बयान: आसपास सुरक्षा की कमी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में ट्रेन हादसे अक्सर होते रहते हैं। रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा की कमी और जागरूकता का अभाव इसकी बड़ी वजह है। लोगों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन यहाँ फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस दोनों युवकों की पहचान के लिए आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों से संपर्क कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar: पीएम मोदी ने सीमांचल के किसानों को दी बड़ी सौगात, पूर्णिया में मखाना बोर्ड की स्थापना का किया एलान