पटना: रविवार को पटना में हुई राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में तेजस्वी यादव को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया. इससे अब यह साफ हो गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव के बाद पार्टी के सभी अहम फैसले तेजस्वी यादव ही लेंगे. तेजस्वी यादव की इस ताजपोशी पर लालू परिवार की तरफ से तो प्रतिक्रियाएं आई हैं. इसके साथ ही अन्य नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है. तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी प्रतिक्रिया दी है.
चिराग पासवान ने कहा, “ऐसा कौनसा कारण रहा कि आरजेडी को एक ऐतिहासिक हार मिली है. मैं मानता हूं कि वे (तेजस्वी यादव) लालू प्रसाद यादव के पुत्र हैं तो पार्टी की कमान उन्हीं के हाथों में जाती लेकिन यह कमान तभी जाती अगर पार्टी का प्रदर्शन बेहतर होता. इन्हें इतना बड़ा पद दिया जा रहा है और यह दिखाता है कि यह(RJD) पार्टी एक परिवार तक ही सीमित है.”
आरएलएम सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव को आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कहा, “मेरी शुभकामना है. लालू यादव ने अगली पीढ़ी को अपना दायित्व दिया. अच्छा काम लालू यादव ने किया है.”
बीजेपी नेता अजय आलोक ने तेजस्वी यादव को राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कहा, “बिहार में यही कहावत है कि ‘नरकों में ठेलम ठेल’ आरजेडी नर्क बन चुकी है. आरजेडी पारिवारिक पार्टी है. हम क्या कहेंगे. परिवार की बेटी(रोहिणी आचार्य) ने बहुत कुछ कह दिया है.”
आपको बता दें कि लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी की ताजपोशी पर सोशल मीडिया में पोस्ट लिखकर कटाक्ष किया. उनके एक्स पोस्ट पर लालू के बड़े लाल तेज प्रताप यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है. तेजस्वी की ताजपोशी पर रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया जिसमें उन्होंने लिखा, “सियासत के शिखर – पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और ” गिरोह – ए – घुसपैठ ” को उनके हाथों की “कठपुतली बने शहजादा” की ताजपोशी मुबारक ..”
तेजस्वी की ताजपोशी के बाद रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा कि यह लालू प्रसाद की “गौरवशाली राजनीतिक पारी का पटाक्षेप” है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की असली कमान ऐसे लोगों के हाथों में चली गई है, जिन्हें लालूवाद को कमजोर करने के मकसद से भेजा गया है. रोहिणी ने यह भी कहा कि जो लोग खुद को लालूवादी कहते हैं, उन्हें पार्टी की मौजूदा बदहाली के लिए जिम्मेदार लोगों से सवाल करना चाहिए.
बहन रोहिणी के इस पोस्ट का जन शक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने समर्थन किया है. उन्होंने मीडिया से कहा कि रोहिणी ने जो पोस्ट किया है वह बिल्कुल सही किया है. तेज प्रताप से जब तेजस्वी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनको जो ज़िम्मेदारी मिली है तो उसको निभाएं और क्या कह सकते हैं. जिसको जो ज़म्मेदारी मिलती है पूरा करना चाहिए.
इधर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इस फैसले को एक नए युग का शुभारंभ बताया है. एक्स पर इस मौके की तस्वीरें भी शेयर की गई हैं जिनमें तेजस्वी यादव पिता लालू यादव का पैर छूकर उनसे आशीर्वाद ले रहे हैं.