पटना नगर निगम के कर्मचारी अपनी 5 सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार से हड़ताल पर जाने वाले थे। हालांकि, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव अभय कुमार सिंह से मुलाकात के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल दिया है।
।
यह हड़ताल तत्काल प्रभाव से 14 सितम्बर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। कर्मियों ने अपनी मांगें पूरी करने के लिए 10 दिन का समय दिया है। अगर मामले का निष्पादन नहीं हुआ तो 15 सितम्बर से सभी कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव से निगम कर्मचारियों ने मुलाकात किया।
मीटिंग में तय मांगों का आशय पत्र सौंपेगी विभाग
बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि, मीटिंग में यह तय हुआ कि आउटसोर्स कर्मियों को श्रम विभाग तय न्यूनतम मजदूरी देगा। इस आशय का पत्र विभाग के निर्गत किया जाएगा। आजीवन पारिवारिक पेंशन सभी निकायों में लागू रहेगा। दैनिक मजदूरों का संचिका सभी निकाय में खोलने का आदेश भी विभाग आदेश निर्गत करेगा।
दैनिक मजदूरों का सामान्य प्रशासन विभाग और अन्य विभाग के समान वेतन देने के लिए न्यायालय के आदेश के आलोक में विभाग कमिटी का गठन करेगा। कमिटी में लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के भी प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। एसीपी के मामले में भी विभाग की बैठक में फैसला लिया जाएगा।
21 अगस्त को भी हड़ताल पर गए थे कर्मी
इससे पहले भी 21 अगस्त से पटना नगर निगम चतुर्थवर्गीय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले हड़ताल का आह्वान किया गया था। 11 सूत्री मांग को लेकर 4000 कर्मी हड़ताल पर थे। सीएम हाउस का घेराव करने भी जा रहे थे। हालांकि, उन्हें आर ब्लॉक के पास ही रोक दिया गया था।
मुख्यमंत्री सचिवालय में उनकी मुलाकात अधिकारियों के साथ हुई। इस दौरान उन्हें मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। इसलिए तब तक के लिए हड़ताल को स्थगित कर दिया गया था।