आखरी अपडेट:
Bihar Vidhan Parishad Session: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है. बढ़ते बलात्कार और हत्या के मामलों को लेकर सोमवार को विधानपरिषद की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के तीखे आरोपों के बाद सदन में भारी हंगामा देखने को मिला. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में विपक्षी सदस्य वेल में पहुंच गए और इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी. हालात इतने बिगड़े कि सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए. लगातार शोरगुल और तीखी बहस के बीच अंततः विधान परिषद की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा.
बिहार विधानपरिषद में सोमवार को नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक हुई. – Algorithmically enhanced image
पटना. बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सोमवार को विधान परिषद में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला. कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार को घेर लिया. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार में बलात्कार और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब से सम्राट चौधरी गृह मंत्री बने हैं, तब से महिलाओं के खिलाफ अपराधों में इजाफा हुआ है.
हंगामे के बीच खड़े होकर बोलने लगे सीएम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में विपक्ष ने सरकार से बलात्कार और हत्या के मामलों पर जवाब देने की मांग की. देखते ही देखते पूरा विपक्ष वेल में पहुंच गया और ताली बजाकर नारे लगाने लगा. मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए “नीतीश कुमार हाय-हाय” के नारे लगाए गए. हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खड़े होकर बोलने लगे. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अपने कार्यकाल में कुछ भी काम नहीं किया और अब सरकार के काम करने पर हंगामा कर रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की बातों का कोई मतलब नहीं है. हालांकि, मुख्यमंत्री के बयान के दौरान ही विपक्ष ने नारेबाजी और तेज कर दी.
नीतीश कुमार-राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक
इस दौरान सदन में उस वक्त स्थिति और तनावपूर्ण हो गई, जब राबड़ी देवी खुद खड़ी होकर मुख्यमंत्री के सामने आ गईं. नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच तीखी तू-तू मैं-मैं हुई और दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए. मुख्यमंत्री गुस्से में दिखाई दिए और उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बिहार के लिए कुछ भी नहीं किया है. लगातार हंगामे और नारेबाजी के चलते विधान परिषद की कार्यवाही को आखिरकार दोपहर 2:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. विपक्ष ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार बढ़ते अपराधों पर जवाब नहीं देती, तब तक सदन में विरोध जारी रहेगा.
लेखक के बारे में
मुख्यधारा मीडिया उद्योग में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाला एक मल्टीमीडिया पत्रकार। वर्तमान में न्यूज18 हिंदी वेबसाइट के लिए नेटवर्क 18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के साथ मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत हैं। वह …और पढ़ें