आखरी अपडेट:
Muzaffarpur Local News: मुजफ्फरपुर में स्वतंत्रता दिवस पर 1100 फीट लंबे तिरंगे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई. युवाओं ने रामगढ़ चौक से यात्रा शुरू की और पूरे शहर में देशभक्ति का जोश दिखाया.
यह तिरंगा यात्रा सुबह रामगढ़ चौक से शुरु हुई थी. हाथों में तिरंगा थामे युवाओं का उत्साह देखने लायक था. शोभा यात्रा का मार्ग सरैयागंज टावर, पंकज मार्केट रोड, छाता बाजार, पुरानी बाजार चौक, साहू रोड, छोटी कल्याणी चौक, मोतीझील और कंपनी बाग होते हुए पुनः रामगढ़ चौक पर संपन्न हुआ. पूरा रास्ता “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा. युवाओं के चेहरे पर देशभक्ति का जोश और गर्व साफ झलक रहा था.
आयोजकों ने बताया कि इस बार का आयोजन विशेष था क्योंकि 1100 फीट लंबा तिरंगा बनवाने और इसे शोभा यात्रा के रूप में निकालने की योजना कई महीनों पहले बनाई गई थी. इसके लिए युवाओं ने लगातार अभ्यास किया और हर व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया. यात्रा के दौरान लोगों में अपार उत्साह देखने को मिला. बच्चों और बुजुर्गों ने भी इस भव्य आयोजन में भाग लेकर इसे और खास बना दिया.
शहरवासियों का कहना था कि यह शोभा यात्रा सिर्फ एक जुलूस नहीं बल्कि राष्ट्रप्रेम का जीवंत उदाहरण थी. तिरंगे की भव्यता और युवाओं का जोश यह संदेश दे रहा था कि देश की आज़ादी और एकता के लिए हर दिल एक साथ धड़कता है. स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर मुजफ्फरपुर ने देशभक्ति और एकजुटता की मिसाल पेश की जो आने वाले वर्षों तक याद रखी जाएगी.