जांच में जुटी पुलिस
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
दरभंगा में थार पर सवार आवारा लड़कों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष सहित चार पुलिस कर्मी घायल हो गए है। बदमाशों ने डायल 112 की पुलिस गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही छह नामजद आरोपी सहित लगभग एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला नेहरा थाना क्षेत्र का है।
वाहन कागजात मांगने पर किया हमला
घटना के संबंध में नेहरा थाना की पुलिस का कहना है कि वाहन जांच की जा रही थी। इस दौरान एक थार पर सवार कुछ युवक आते हुए दिखाई पड़े। पुलिसकर्मियों ने थार को रुकवाया और कागजात दिखाने को कहा तो थार सवार युवकों ने कागजात दिखाने में असमर्थता जताई। उसके बाद पुलिसकर्मी थार का चालान काटने लगे। चालान काटते देख थार में बैठे लड़कों ने चालान काटने वाली मशीन को छीन लिया। फिर फोन करके ग्रामीणों को बुलाकर पुलिसकर्मियों पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। इस घटना में नेहरा थानाध्यक्ष राजकिशोर राय, एसआई रंजीत प्रसाद सिंह, सिपाही सोनू कुमार और होमगार्ड का जवान छोटू कुमार घायल हो गए। इतना ही नही हमलावरों ने पुलिस के 112 नंबर वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में पुलिस ने कार्यवाई करते हुए बहेड़ा थाना क्षेत्र के देवराम गांव के निवासी गोविंद कुमार राय और नवीन कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया। वहीं छह लोगों गोविंद कुमार राय, नवीन कुमार राय, राज कुमार राय, ओमबाबू राय, चतुर साव, और सिकंदर राय को नामजद किया है जबकि एक दर्जन अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
आरोपियों पर की जा रही कार्रवाई
घटना के संबंध में नेहरा थानाध्यक्ष राज किशोर राय ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान धरौड़ा की ओर से आ रहे थार (BR07BA-1145) वाहन को रोककर कागजात दिखाने को कहा गया। इस पर वाहन सवार लोग भड़क कर चालान काटने वाले मशीन को छीन लिया और ग्रामीणों को फोन करके बुला लिया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में डायल 112 का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मामले को लेकर मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वही इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद एवं एक दर्जन अज्ञात लोगो पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।