छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र सीमा पर भीषण मुठभेड़, सुरक्षा बलों ने घेरा इलाका, 3 नक्सली ढेर

Spread the love share


छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले और महाराष्ट्र की सीमा पर सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ भीषण मुठभेड़ चल रही है। सूत्रों की मानें तो अब तक इस मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तानरायपुरसोम, 23 सितंबर 2024 01:07 अपराह्न
शेयर करना शेयर करना

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले और महाराष्ट्र की सीमा पर मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया जिसके बाद फायरिंग हुई। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों से तीन ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किया है।

मुठभेड़ की पुष्टि नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने की है। बस्तर आईजी पी. सुंदरराज पुरे मुठभेड़ पर नजर बनाए हुए हैं। मुठभेड़ जारी है। जवानों की ओर से तगड़ी जवाबी कार्रवाई जारी है। अभी एक दिन पहले ही दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान कुल 12 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया था। रविवार को सरेंडर करने वालों में तीन महिला नक्सली भी शामिल थीं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों पर 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई अब निर्णायक स्थिति में नजर आने लगी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे के ऐलान के बाद लगातार बस्तर के अलग-अलग जिलों में सुरक्षाबलों ने बड़े ऑपरेशन कर नक्सली संगठनों की कमर तोड़नी शुरू कर दी है। बस्तर के नारायणपुर जिले में एसपी प्रभात कुमार लगातार नक्सलियों के खिलाफ एक के बाद एक सफल ऑपरेशन करते जा रहे हैं।

वहीं यूनीवार्ता की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दंतेवाड़ा में रविवार को एक पुरुष और तीन महिला नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। पड़ोसी सुकमा जिले के रहने वाले इन नक्सलियों पर 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इन चारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि इनका पुनर्वास लोन वर्राटू (घर वापसी) अभियान के तहत किया जाएगा। वहीं वीजापुर जिले में 8 नक्सलियों ने सरेंडर किया। इस साल अब तक 178 नक्सलियों ने सरेंडर किया है जबकि 378 गिरफ्तार किए गए हैं।

रिपोर्ट- राजा सिंह राठौर



Source link


Spread the love share